एटा- पांच दिन पूर्व भतीजी की गोली मारकर हत्या करने वाले फौजी को जैथरा पुलिस ने जेल भेज दिया है। घटना के बाद से उसका पुलिस अभिरक्षा में आगरा में इलाज चल रहा था। फौजी ने घटना को हादसा बताया है।
विदित हो सोमवार को एटा-अलीगंज मार्ग पर नगला चुन्नी के पास अपराह्न करीब ढाई बजे अलीगंज निवासी रिटायर्ड फौजी हरिकिशन ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से साले की पुत्री अंतिम की गोली मारकर हत्या कर दी थी, फिर खुद की कनपटी पर गोली मार ली थी। फौजी अंतिम को प्रयोगात्मक परीक्षा दिलाकर लौट रहा था। छात्रा अंतिम की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि फौजी घायल हो गया था। थानाध्यक्ष इंद्रेशपाल सिंह ने फौजी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज को भेज दिया था। घटना की रिपोर्ट चौकीदार ने दर्ज कराई थी। फौजी के स्वस्थ होते ही पुलिस ने घटना के सम्बंध में पूंछ-तांछ की। फौजी ने घटना को हादसा बताया है। फौजी ने पुलिस को बताया कि वह तनाव में था और अपनी जान देना चाहता था। उसने खुद को मारने के लिए पिस्टल से गोली चलाई थी, परन्तु अंतिम उसे बचाने आ गई और उसमें गोली लग गई। उसके गोली लगते ही वह घबरा गया और फिर खुद के भी गोली मार ली। थानाध्यक्ष इंद्रेशपाल सिंह ने बताया कि हत्यारोपी फौजी को जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट- सुनील कुमार,