कंझाना गांव में पंजाब से मजदूर का शव आने पर कोहराम मच गया। भाई-बहन ने भाभी पर आरोप लगाकर उसे घर से भगा दिया। शुक्रवार की रात ही पत्नी अपने मायके चली गई। शनिवार की सुबह पति के शव की सुपुर्दगी को लेकर पत्नी ने एएसपी से गुहार लगाई। झगड़ा न हो इसको लकर फतेहगढ़ कोतवाल को भी मौके पर भेजा गया जहां शव को भाई की सुपुर्दगी में दिया गया। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव कंझाना निवासी रामवीर पंजाब में दो महीने पहले नौकरी करने गया था। इससे पहले वह गांव के ही एक भट्ठे में काम करता था। 15 जून को पंजाब के अगौर रोड मुख्सर में रामवीर की मौत हो गई। पत्नी सूवी एक वर्ष की पुत्री बाली को साथ लेकर पति के शव के साथ शुक्रवार की रात कंझाना गांव में पहुंची। रामवीर की मौत पर मां सुशीला, बहन नन्हीं उर्फ गीता व भाई दहाडे़ मारकर करुण क्रंदन करने लगे। इन लोगों ने मृतक की पत्नी सूबी पर ही कई गंभीर आरोप लगा दिए। जहां आपस में झगड़ा होने लगा। ऐसे में सूवी अपने मायके चली गई। शनिवार की सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूवी ने पति के शव की मांग कर एएसपी से गुहार लगाई। उसके साथ मायके के लोग भी आए हुए थे। दोनों पक्षों मे झगड़ा न हो इसको लेकर फतेहगढ़ कोतवाल अनूप कुमार निगम को फोर्स के साथ मौके पर भेजा गया। पोस्टमार्टम में मजदूर की मौत सिर पर आई गंभीर चोट से होना बताई गई। शव को भाई राजवीर की सुपुर्दगी में दे दिया गया।