सुनील कुमार
एटा- ईद का त्यौहार आपसी मेल मिलाप का प्रतीक है। यह त्यौहार खुद ही अमन और भाईचारे का संदेश देता है। इसलिए इस दिन केवल प्यार लुटाएं, विवाद से बचें। अमन ही यहां की परंपरा रही है। इस परंपरा को कायम रखने में अपना अमूल्य योगदान सुनिश्चित करें।
उक्त बातें उपजिलाधिकारी अलीगंज रामदत्त राम ने कही। वह जैथरा थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने उपस्थित नागरिकों एवं अन्य अधिकारियों से इस त्यौहार के बारे में जानकारी ली। पिछले वर्षों के अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
क्षेत्राधिकारी अलीगंज अजय कुमार सिंह भदौरिया ने कहा कि अफवाहों पर कतई ध्यान न दें। अराजक तत्वों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। किसी तरह की असुविधा होने पर तुरंत ही प्रशासन एवं पुलिस को सूचित करें। कानून हाथ में लेने की कोशिश न करें। सोशल मीडिया पर नफरत भरे संदेश व अफवाहें न फैलाएं। इस पर भी पुलिस की पैनी निगाह है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इस संबंध में उन्होंने थानाध्यक्ष इंद्रेशपाल सिंह को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि गड़बड़ी पैदा करने वालों को चिन्हित करने के साथ ही उन पर नजर रखें। किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि महसूस होने पर तुरंत ही उनके खिलाफ कार्रवाई करें। थानाध्यक्ष जैथरा इंद्रेश पाल सिंह ने सभी से शांति की अपील की।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि बिजेंद्र सिंह चौहान, जुगेंद्र सिंह राठौर, अजय गुप्ता, दिनेश गुप्ता आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।